नहीं कि बा'द तिरे दूसरा नहीं आया
जो ज़ीस्त को था मयस्सर मज़ा नहीं आया
बिछड़ गया है तो ऐसे पलट के आया नहीं
वगर्ना राह में तूफ़ान क्या नहीं आया
बस एक रात क़यामत सी मुझ को थी दरपेश
फिर इस के बा'द कोई मरहला नहीं आया
मैं अपनी आधी मोहब्बत पे अब हूँ गिर्या-कुनाँ
मुझे तो ढंग कोई 'मीर' सा नहीं आया
जहाँ से आया था तू दिल किसी की आस लिए
उदासियों में वहीं लौट जा नहीं आया
अभी तू आस की शम्ओं' की लौ बुझा ही दे
वो जिस के आने का इम्कान था नहीं आया
अगरचे उस से बड़ी मुद्दतों से रब्त नहीं
दिलों के बीच मगर फ़ासला नहीं आया
वो और होंगे जिन्हें चाँद और तारे मिले
यहाँ तो हिस्से में टूटा दिया नहीं आया
'रशीद' मुझ से मिरे नामा-बर ने हँस के कहा
कोई भी नामा तिरे नाम का नहीं आया








