मुनाफ़े में कहाँ ऐसी जो लज़्ज़त है ख़सारे में
ये फ़ानी ज़िंदगी जैसे हवा फूले ग़ुबारे में
यहाँ से ख़ुश गई मैके वहाँ से फूल के लौटी
भरे हैं कान बेगम के किसी ने मेरे बारे में
किसी से पूछने पर जब जवाब आए गुज़ारा है
बड़ा मफ़्हूम पोशीदा है समझो इस गुज़ारे में
हवस ने ज़र की मुझ को ख़ून के रिश्तों से उलझाया
न आता काश मैं मादाम की दौलत के लारे में
उतरते हैं तो यारो जान से जाने का अंदेशा
ब-ज़ाहिर तो बड़ी ही दिलकशी दरिया-किनारे में
दहकते लब घनी ज़ुल्फ़ें ये पलकें शामियानों सी
कमी क्या रह गई लोगो मिरे ज़ोहरा सितारे में
मिरे बाबा ने ग़ुर्बत में भी राहत का किया सामाँ
हमें सुख दे के अक्सर ख़ुद रहा है ग़म के धारे में
मिरी माँ की नज़र में मैं जहाँ से ख़ूबसूरत था
नहीं कुछ जाज़बिय्यत अब उसी आँखों के तारे में
इबादत करने वालों से 'रशीद' इतनी गुज़ारिश है
मोहब्बत ही इबादत ज़िक्र पाएँ पारे पारे में








