कागज़ पर छपे सूर्य से दिन नहीं उगे - पुरुषोत्तम प्रतीक

पुरुषोत्तम प्रतीकपुरुषोत्तम प्रतीक

2 min read · 12.4K reads

कागज़ पर छपे सूर्य से
दिन नहीं उगे
ऐसे कुछ वक़्त ने ठगे !

मुर्गों की कलगियाँ लगा
शाख़-शाख़ कउए तैनात
बाँगते रहे दोपहरी
बेचारे काल के सगे !

चौराहे धूप सूँघकर
गर्वाए
देव-द्वार-से
जयकारे चान्दी के नाम,
बिस्तर के नाम रतजगे !

वातायन द्वार हो गए
अम्बर तक छल की मीनार
गलियों में रो रहे कबीर,
कीकर पर आम क्या लगे !
पुरुषोत्तम प्रतीक
About the poet

पुरुषोत्तम प्रतीक

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like