खुनफड की उड़ान - पूनम सिंह

पूनम सिंहपूनम सिंह24 Sept 1955

6 min read · 12.4K reads

बुझ गयी हैं
तमाम बत्तियाँ शहर की
अंधेरे का सैलाब
बहा ले गया है
रंग रोशनी के सारे विन्यास
बिना चेहरे वाली आकृतियाँ
औंधी लटकी हैं पेड़ों से
डूबते सूरज के मस्तूल पर
हौवा बैठा है

इस प्रलयंकारी रात में
भय से काँपती
मेरी छोटी बहन
अपने नवजात शिशु के सिरहाने
कजरौटा ढूँढ़ती
व्याकुल स्वर में कह रही है मुझसे
’दीदी! इच्छाओं की प्रेत आत्माएँ
बेखौफ गलियारों में
घूम रही हैं
तुम वातायन बंद कर दो ना‘

और मैं निर्भय निरातंक
दूर कहीं गरजते
जल प्रपात के ऊपर
खुनफड के पंखों की
उड़ान देख रही हूँ

............
चीन की प्राचीन नीति कथा में - ख़ुन नाम की एक मछली का जिक्र है। उत्तरी सागर में रहने वाली इस मछली की लम्बाई चौड़ाई कई हज़ार मील तक की थी। कालांतर में इस मछली ने पक्षी का रूप धारण कर लिया था जिसके कारण इसका नाम फड पड़ा। इस तरह यह खुनफड हो गई। कहा जाता है एक बार यह गुस्से में भर कर उड़ा- उस समय इसके पंख आकाश में फैले बादलों की तरह दिखाई दे रहे थे। यह अपनी पीठ पर पूरा आसमान उठाये उड़ रहा था। इसके विकराल रूप को देखकर दिगदिगन्त काँप उठा था। इसकी उड़ान से दिशाएँ प्रकंपित हो उठी थीं।
पूनम सिंह
About the poet

पूनम सिंह

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like