रेजाणी पानी - पूनम सिंह

पूनम सिंहपूनम सिंह24 Sept 1955

8 min read · 12.4K reads

आज फिर किले के भीतर
कोई बियावान सन्नाटा चीखा था
मैंने सुनी थी वह चीख
ढही मेहराबों
दरकी दीवारों के बीच
पकड़ना चाहा था उसे
अतल अँधेरे के किसी कोने में
लेकिन गुम्बदों पर
चमगादड़ उड़ने लगे थे

मुझे याद आया
समुद्र तट पर उस दिन
उत्ताल लहरों के बीच
एक सोन मछली
बार-बार मुँह उठाकर
कुछ कहना चाह रही थी मुझसे
लेकिन लहरों का गर्जन
लील गया था
उस अनकहे को

तब से एक अजीब-सी
छटपटाहट है मेरे भीतर
समुद्र के शोर और
किले की नीरवता के बीच
मैं कहाँ हूँ.... किधर ?

गहराते समय के भीतर
एक ठोस सैलाब की तरह
मैं घुमड़ रही हूँ
पृथ्वी की आँखों में
उतर रही हूँ
सीढ़ियाँ लाँघती
किले के भीतरी तहखानों में
चढ़ रही हूँ बार-बार
समुद्र की उत्ताल लहरों के साथ
किले के सबसे ऊपरी गुम्बद पर

मेरी हाँफती साँसों में
पानी का शोर बढ़ने लगा है
मेरे थके पैरों में
टूटे घुँघरुओं की नीरवता व्याप्त है
कई-कई पर्वतों
कटिबंधों को पार कर
मैं ढलान की राह होती
विशाल मरूभूमि के अन्तस में
सुकून की साँस बन ठहरी हूँ

किले की नीरवता और
समुद्र के शोर से बहुत दूर
मैं यहाँ हूँ
इधर !
सदियों पुरानी मरूप्रदेश की
कुण्डी के भीतर
‘रेजाणी पानी’ बन

......
रेजाणी पानी - यह पानी कुण्डी में सहेजा जाता है। राजस्थान में हर जगह कुण्डियाँ हैं। पहाड़ पर बने किलों में, मंदिरों में, पहाड़ की तलहट्टियों पर, घर के आँगन में, गाँव में, रेत में, खेत में हर जगह कुण्डियाँ होती हैं। यह कुण्डी ठहरे पानी को स्वच्छ और निर्मल बनाये रखती है ।
पूनम सिंह
About the poet

पूनम सिंह

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like