पृथ्वी- कहां हो तुम - पूनम सिंह

पूनम सिंहपूनम सिंह24 Sept 1955

4 min read · 12.4K reads

लंबे समय से प्रतिकूल लहरों के बहाव में हूँ
नहीं जानती पानी का यह रेला
कहाँ बहा ले जायेगा मुझे
विकराल जल प्रपातों की उत्ताल लहरों पर
मैं चित पड़ी हूँ या पट
मुझे नहीं मालूम
मेरी आखों के सामने
न कोई वस्तु है न विचार
न प्रतिकार है न स्वीकार
बस कोहरे का एक समुद्र है
जिसका न कोई ओर है न छोर

निष्क्रिय आवेग से भरी मेरी चेतना में
शत् शत् सूर्य के तिरोहित होने का
नीला अंधकार व्याप्त है
आकाश गंगा में डूब गये हैं
रूपहले नक्षत्र
रूप रंग रस गंध से भरी पृथ्वी
कहाँ हो तुम ?

ओ मेरी आत्मा की राग भरी रोशनी
कहाँ हो तुम ?
धरती का धीरज लेकर
गहन गुह्यलोक में
विस्थापित मेरी चेतना
तुम्हें टेर रही है
पृथ्वी - पृथ्वी - पृथ्वी
कहाँ हो तुम ?
पूनम सिंह
About the poet

पूनम सिंह

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like