बंजारे - पूनम सिंह

पूनम सिंहपूनम सिंह24 Sept 1955

8 min read · 12.4K reads

शाम के घिरते अंधेरे में
तंबू गाड़ते बंजारे
कितने बेपरवाह होते हैं
अपने पड़ाव और ठिकाने को लेकर
कोई ठाँव कोई गाँव
नहीं बाँध पाता उनके पाँव
सूर्य के रथ पर हमेशा
लदे होते हैं उनके असबाब

अदभुत होता है
सरल जटिल के युग्मों से बना
उनकी आवारा ज़िन्दगी का रूमानीपन
वह बेमिसाल मौजीपन जो
ठेंगे पर रखता है जमाने को

पथराये दुख की तरह काबिज
उनकी आँखों में नहीं होती कोई
अभावग्रस्त जिन्दगी की परछाईं
हर लम्हा दर्द का एक
खूबसूरत फ़नकारी है उनके लिए

तनी रस्सियों पर सिर ऊँचा किये
उनके अभियानी पैरों की थिरकन
उड़ान भरने को आतुर
परिन्दों के डैनों की तरह
उल्लासित उनकी बाहें
जब हुमक हुमक कर
दिशाओं को चुनौती देती है
तो अदृश्य पर्वत
अनजान नदियों की साँसों में
पसीने की आदिम गंध उफनने लगती है
इतिहास की गुफाओं में
जीवित पत्थरों का संगीत फूट पड़ता है
आदिभूमि की घाटियाँ
अहर्निश जीवन के राग से
झंकृत हो जाती है

चरम तन्मयता के उस क्षण में
एक लय एक ताल में
अपनी धुरी पर घूमती पृथ्वी
सूर्य के रथ पर सवार
कुनबे को अपलक देखती
अपूर्व रोमांच से भर जाती है
 
पाषाण युग से परमाणु युग तक
हवा के पुल पर
सभ्यता के तंबू गाड़ते
साहस की इबारत गढ़ते बंजारे
बेखबर हैं
इन सारी क्रियाओं प्रतिक्रियाओं से

उन्हें नहीं मालूम
ज़िन्दगी की कितनी कठिन शर्त्तों पर
टिकी है उनकी पहचान
पहचान के लिए कितना कठिन है
तनी रस्सियों में काँपती प्रत्यंचा सी
हिलकोर पैदा करना
समय संधान की मुद्रा में
समय के साथ होना
पूनम सिंह
About the poet

पूनम सिंह

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्य