हमारा भविष्य - प्रेमनन्दन

प्रेमनन्दनप्रेमनन्दन25 Sept 1980

3 min read · 12.4K reads

कूड़े-कचरे के ढेरो से
प्लास्टिक की थैलियाँ
लोहे के टुकड़े
काग़ज़ और गत्ते
ढूँढ़ता-सहेजता,
सिर पर
कचरे का बोझ लिए
भटकता हमेशा
सड़क के किनारे-किनारे
इस नर्क से उस नर्क तक
हर दिन
हमारा भविष्य।

जाएगा उन्हें लाद कर
पीठ पर
कबाड़ी की दुकान तक
बेचेगा --
पाएगा -- दो-चार रूपए
ख़रीदेगा --
पान की गुमटी से
पान मसाले की पुड़िया
फाड़ेगा उसको
खाएगा
और पिच-पिच करता
चल देगा फिर उसी नर्क की ओर
हमारा भविष्य !
प्रेमनन्दन
About the poet

प्रेमनन्दन

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like