मधुमय वासन्ती - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

3 min read · 12.4K reads

हिल उठी आम की डाल, कूक से गूँज गई अमराई,
फूलों के गाँवों में बाजी मधुपों की शहनाई!
℘
शृंगार सज रही प्रकृति, ओढ़ कर चादर हरी हरी,
कञ्चन किरणों के घूँघट में, कुंकुंम से माँग भरी!
अलकों से मोती ढलक रहे शबनम बन,
पाहुने शिशिर को देते हुये बिदाई!
℘
हँस उठे धरा के खेत-पात, पलकों में राग भरे,
आई सुहाग की धूम लिये वासन्ती फाग भरे!
लुट रहा अबीर- गुलाल दिशा अंचल का,
झर रही गगन से ऊषा की अरुणाई!
℘
सुषमा मुखरित हो उठी मिल गईं नूतन भाषाये,
लहरों ने दौड-दौड कर जल में रचीं अल्पनायें!
लो, रुचिर भाव होरहे व्यक्त धरती के
चित्रित करने मधुमय वासन्ती आई!
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like