दरवाज़ों का बन्द रहना - प्रज्ञा रावत

प्रज्ञा रावतप्रज्ञा रावत2 Sept 1961

4 min read · 12.4K reads

जाने क्यों मन लगातार
उन जगहों को तलाश रहा है
जहाँ प्यार भरा आँचल हो
बैठे एक दूसरे में पसरे हम
दुलार के क्षणों में भूल जाएँ
बेरहम शोर, भड़कीले दृश्य
अकेलेपन से दूर बैठें एक साथ
हटा दें ये बेवजह पनपती
अदृश्य दीवारें

एक बार फिर हमारे मोहल्लों में
ताऊ चाची अम्मा बिट्टो-गुड्डो
माँग कर मुन्नी मौसी से ढोलक
कर दें ज़मीन और आसमान एक
शक्कर ना हो और हम पिएँ
गुड़ की फटी चाय

एक बार फिर सुबह-सुबह
कोई नन्हीं बिटिया
हाथ में कटोरी लिए माँगने आए
आधा कटोरी बेसन

देखो! मैंने तो अपने दरवाज़े
कब से खुले छोडे़ हैं

दरवाज़ों का इतना बन्द रहना ही
तो सबसे बड़ा अपशकुन है।
प्रज्ञा रावत
About the poet

प्रज्ञा रावत

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like