बच्चों से - प्रज्ञा रावत

प्रज्ञा रावतप्रज्ञा रावत2 Sept 1961

3 min read · 12.4K reads

बच्चो, जब थक जाओ
भागते-भागते
अपनी पीठ पर लादे
किताबों का ये बोझ
तो जाकर सुस्ता लेना
इन पेड़ों के नीचे
पेड़ नहीं माँगेंगे तुमसे
पिछले तमाम सालों का हिसाब।
 
पेड़ नहीं पूछेंगे कि तुमने
क्यों छोड़ दिया उन्हें अकेला।
धरती नहीं रोएगी कि क्यों
नहीं खेले नदी-पहाड़
फूल नहीं पूछेंगे कि क्यों
पढ़ते रहे उन्हें सिर्फ़
किताबों में।
 
और अगर सो नहीं पाए हो
गहरी नींद तो धीरे से
जाकर लेट जाना हरी घास पर
धरती तुम्हें ऐसे रहस्य बताएगी
जो तुमने नहीं पढ़े होंगे
कहीं किसी किताब में।
प्रज्ञा रावत
About the poet

प्रज्ञा रावत

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like