जो नदी होती - प्रज्ञा रावत

प्रज्ञा रावतप्रज्ञा रावत2 Sept 1961

4 min read · 12.4K reads

फाड़ दिया
तुम्हारा ख़त
कई टुकडे बन गए इबादत के

पढ़ते हुए
तुम्हारा ख़त
याद आई जाति बिरादरी
याद आया चूल्हा
छिपा छूत के डर से !

याद आई बाबा की
पीली जनेऊ
खींचती रेखा कलेजे में !

तुम्हारा ख़त पढ़ते हुए
याद आई
सिवान की थान
जहाँ जलता
पहला दिया हमारे घर से !

याद आई झोपडी
तुम्हारी
जहाँ छीलते थे पिता
तुम्हारे
बांस
और बनाते थे खाली टोकरी !

याद
आया हमारा
भरा खेत खलिहान !
तुम्हारा ख़त पढ़ते हुए
घनी हों गई छांव नीम की

और
याद आई
गाँव की बहती नदी
जिसमें डुबाये बैठते
हम
अपने अपने पाँव !
और बहता
एक रंग पानी का!

फाड़ दिया
तुम्हारा ख़त
कई टुकडे बन गए
इबादत के
और इबादत के कई टुकडे हुए !
प्रज्ञा रावत
About the poet

प्रज्ञा रावत

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like