भाषा - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

3 min read · 12.4K reads

कितने बहुविधभाषी हैं हम
घर में अलग भाषा बोलते हैं
और बाज़ार में अलग।

हमारी नैतिक भाषा कुछ और होती है
सामाजिक कुछ और
राजनीतिक कुछ और
और यह भाषायी फ़र्क
सिर्फ़ हमारे लहजे तक सीमित नहीं रहा
हमारे विचारों से भी परिलक्षित होने लगा है स्पष्ट

अब थूक से सिर्फ़ करारे नोट ही नहीं गिने जाते
अपनी भाषा को भी चमकाया जाता है
हमारी दोमुँही-चौमुँही चिकनी-चुपड़ी भाषा
विक्षिप्त आदमी के संकेतों-सी गूढ़ रहस्यमय
और भटकाऊ भले हो,
कमाऊ है
और कमाऊ पूत
हर माँ को प्यारा होता है।
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like