ज़िंदगी सच की हिमायत नहीं करने देती

पिन्हाँपिन्हाँ

1 min read · 12.4K reads

ज़िंदगी सच की हिमायत नहीं करने देती

ऐसी कोई भी इबादत नहीं करने देती

मस्लहत अक़्ल से कहती है कि इक हद में रहो

और दिल को भी शरारत नहीं करने देती

उलझी रहती है नज़र से कोई दुज़्दीदा-नज़र

क़ल्ब-ओ-जाँ की जो हिफ़ाज़त नहीं करने देती

अब तो हाल-ए-दिल-ए-बीमार ख़ुदा ही जाने

हालत-ए-ज़ार अयादत नहीं करने देती

हम जुदाई में तो बेज़ार नहीं थे ऐसे

क्या मोहब्बत ये रिफ़ाक़त नहीं करने देती

काम कुछ करने नहीं देते रियासत को भी हम

और कुछ हम को रियासत नहीं करने देती

तेरी जन्नत को तरसती हुई तेरी दुनिया

तेरी दुनिया पे क़नाअत नहीं करने देती

तिश्नगी मोहर-ब-लब तिश्ना-लबी है अब तो

चश्म-ए-साक़ी की शिकायत नहीं करने देती

शम-ए-जाँ भूल गई कैसे भड़क उठना था

शाम-ए-ग़म सुब्ह-ए-क़यामत नहीं करने देती

इर्तिक़ा की तो हिमायत में ग़ज़ल है 'पिंहाँ'

बस रिवायत से बग़ावत नहीं करने देती

पिन्हाँ
About the poet

पिन्हाँ

उपनाम : 'पिन्हाँ' मूल नाम : Dr. Sukaina Sajid जन्म : लाहौर, पंजाब

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like