जागो मन के सजग पथिक ओ!

फणीश्वरनाथ रेणुफणीश्वरनाथ रेणु

1 min read · 12.4K reads

मेरे मन के आसमान में पंख पसारे

उड़ते रहते अथक पखेरू प्यारे-प्यारे!

मन का मरु मैदान तान से गूँज उठा

थकी पड़ी सोई-सूनी नदियाँ जागीं

तृण-तरु फिर लह-लह पल्लव दल झूम रहा

गुन-गुन स्वर में गाता आया अलि अनुरागी

यह कौन मीत अगणित अनुनय से

निस दिन किसका नाम उचारे!

हौले-हौले दखिन पवन नित

डोले-डोले द्वारे-द्वारे!

बकुल-शिरिष-कचनार आज है आकुल

माधुरी-मंजरी मंद-मधुर मुस्काई

क्रिश्नझड़ा की फुनगी पर अब रही सुलग

सेमल वन की लहकी-लहकी प्यासी आगी

जागो मन के सजग पथिक ओ!

अलस-थकन के हारे-मारे

कबसे तुम्हें पुकार रहे हैं

गीत तुम्हारे इतने सारे!

फणीश्वरनाथ रेणु
About the poet

फणीश्वरनाथ रेणु

समादृत कथाकार। कुछ कविताएँ भी लिखीं। समाजवादी और आंचलिक संवेदना के लिए उल्लेखनीय। पद्मश्री से सम्मानित। जन्म : 04/03/1921 | पूर्णिया, बिहार निधन : 11/04/1977 | पूर्णिया, बिहार स्वातंत्र्योत्तर हिंदी साहित्य में प्रबल उपस्थिति रखने वाले उपन्यासकार-कथाकार फणीश्…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like