सबसे ख़तरनाक

Pashपाश

3 min read · 15.4K reads

मेहनत की लूट सबसे ख़तरनाक नहीं होती

पुलिस की मार सबसे ख़तरनाक नहीं होती

गद्दारी-लोभ की मुट्ठी सबससे ख़तरनाक नहीं होती

बैठे-बिठाए पकड़े जाना—बुरा तो है

सहमी-सी चुप में जकड़े जाना—बुरा तो है

पर सबसे ख़तरनाक नहीं होता

कपट के शोर में

सही होते हुए भी दब जाना—बुरा तो है

किसी जुगनू की लौ में पढ़ना—बुरा तो है

मुट्ठियाँ भींचकर बस वक़्त निकाल लेना—बुरा तो है

सबसे ख़तरनाक नहीं होता

सबसे ख़तरनाक होता है

मुर्दा शांति से भर जाना

न होना तड़प का सब सहन कर जाना

घर से निकलना काम पर

और काम से लौटकर घर जाना

सबसे ख़तरनाक होता है

हमारे सपनों का मर जाना

सबसे ख़तरनाक वह घड़ी होती है

आपकी कलाई पर चलती हुई भी जो

आपकी निगाह में रुकी होती है

सबसे ख़तरनाक वह आँख होती है

जो सबकुछ देखती हुई भी जमी बर्फ़ होती है

जिसकी नज़र दुनिया को मुहब्बत से चूमना भूल जाती है

जो चीज़ों से उठती अँधेपन की भाप पर ढुलक जाती है

जो रोज़मर्रा के क्रम को पीती हुई

एक लक्ष्यहीन दुहराव के उलटफेर में खो जाती है

सबसे ख़तरनाक वह चाँद होता है

जो हर हत्याकांड के बाद

वीरान हुए आँगनों में चढ़ता है

पर आपकी आँखों को मिर्चों की तरह नहीं गड़ता है

सबसे ख़तरनाक वह गीत होता है

आपके कानों तक पहुँचने के लिए

जो मरसिए पढ़ता है

आतंकित लोगों के दरवाज़ों पर

जो गुंडे की तरह अकड़ता है

सबसे ख़तरनाक वह रात होती है

जो ज़िंदा रूह के आसमानों पर ढलती है

जिसमें सिर्फ़ उल्लू बोलते और हुआं-हुआं करते गीदड़

हमेशा के अँधेरे बंद दरवाज़ों-चौगाठों पर चिपक जाते हैं

सबसे ख़तरनाक वह दिशा होती है

जिसमें आत्मा का सूरज डूब जाए

और उसकी मुर्दा धूप का कोई टुकड़ा

आपके जिस्म के पूरब में चुभ जाए

मेहनत की लूट सबसे ख़तरनाक नहीं होती

पुलिस की मार सबसे ख़तरनाक नहीं होती

गद्दारी-लोभ की मुट्ठी सबसे ख़तरनाक नहीं होती।

Pash
About the poet

Pash पाश

Pash was the pen name of Avtar Singh Sandhu, one of the major poets of the Naxalite movement in the Punjabi literature of the 1970s. He was killed by Khalistani extremists on 23 March 1988. His strongly left-wing views were reflected in his poetry.

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like