हमारे समयों में

Pashपाश

3 min read · 15.0K reads

यह सब कुछ हमारे ही समयों में होना था

कि समय ने रुक जाना था थके हुए युद्ध की तरह

और कच्ची दीवारों पर लटकते कैलेंडरों ने

प्रधानमंत्री की फ़ोटो बनकर रह जाना था

धूप से तिड़की हुई दीवारों के परखचों

और धुएँ को तरसते चूल्हों ने

हमारे ही समयों का गीत बनना था

ग़रीब की बेटी की तरह बढ़ रहा

इस देश के सम्मान का पौधा

हमारे रोज़ घटते क़द के कंधों पर ही उगना था

शानदार एटमी तजर्बे की मिट्टी

हमारी आत्मा में फैले हुए रेगिस्तान से उड़नी थी

मेरे-आपके दिलों की सड़क के मस्तक पर जमना था

रोटी-माँगने आए अध्यापकों के मस्तक की नसों का लहू

दशहरे के मैदान में

गुम हुई सीता नहीं, बस तेल का टिन माँगते हुए

रावण हमारे ही बूढ़ों को बनना था

अपमान वक़्त का हमारे ही समयों में होना था

हिटलर की बेटी ने ज़िंदगी के खेतों की माँ बनकर

ख़ुद हिटलर का ‘डरौना’

हमारे ही मस्तकों में गड़ाना था

यह शर्मनाक हादसा हमारे ही साथ होना था

कि दुनिया के सबसे पवित्र शब्दों ने

बन जाना था सिंहासन की खड़ाऊँ—

मार्क्स का सिंह जैसा सिर

दिल्ली की भूल-भुलैयों में मिमियाता फिरता

हमें ही देखना था

मेरे यारो, यह कुफ़्र हमारे ही समयों में होना था

बहुत दफ़ा, पक्के पुलों पर

लड़ाइयाँ हुईं

लेकिन ज़ुल्म की शमशीर के

घूँघट न मुड़ सके

मेरे यारो, अपने अकेले जीने की ख़्वाहिश कोई पीतल का छल्ला है

हर पल जो घिस रहा

न इसने यार की निशानी बनना है

न मुश्किल वक़्त में रक़म बनना है

मेरे यारो, हमारे वक़्त का एहसास

बस इतना ही न रह जाए

कि हम धीमे-धीमे मरने को ही

जीना समझ बैठे थे

कि समय हमारी घड़ियों से नहीं

हड्डियों के खुरने से मापे गए

यह गौरव हमारे ही समयों को मिलेगा

कि उन्होंने नफ़रत निथार ली

गुजरते गंदलाए समुद्रों से

कि उन्होंने बींध दिया पिलपिली मुहब्बत का तेंदुआ

और वह तैरकर जा पहुँचे

हुस्न की दहलीज़ों पर

यह गौरव हमारे ही समयों का होगा

यह गौरव हमारे ही समयों का होना है।

Pash
About the poet

Pash पाश

Pash was the pen name of Avtar Singh Sandhu, one of the major poets of the Naxalite movement in the Punjabi literature of the 1970s. He was killed by Khalistani extremists on 23 March 1988. His strongly left-wing views were reflected in his poetry.

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like