आभार

Pankaj Chaturvediपंकज चतुर्वेदी

2 min read · 12.6K reads

एक प्रदेश की राजधानी में मिले वह

राष्ट्रीय परिसंवाद में

एक विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर

हिंदी के वरिष्ठ आलोचक

नींद से जगाकर पहली ख़बर

उन्होंने मुझे यही दी—

‘मैं विभागाध्यक्ष नहीं बन पाया’

मैं समझ नहीं सका

इस बात का

मेरी ज़िंदगी से

क्या संबंध है

तभी वहाँ आए मेरे मित्र

मैंने उनसे परिचय कराया—

ये गिरिराज किराडू हैं

युवा कवि

‘प्रतिलिपि’ के संपादक

बाद में उन्होंने पूछा—

‘किराडू क्या तमिलनाडु का है?’

मैंने कहा : नहीं

पर आपको ऐसा क्यों लगा?

वह बोले : किराडू

चेराबंडू राजू से

मिलता-जुलता नाम है

वैसे जो नाम वह ले रहे थे

सही रूप में चेरबंडा राजु है

क्रांतिकारी तेलुगु कवि का

फिर उन्होंने किसी प्रसंग में कहा :

स्त्रियाँ पुरुषों को

एक उम्र के बाद

दया का पात्र

समझने लगती हैं

परिसंवाद के आख़िरी दिन

उन्हें बोलना था

‘आलोचना के सौंदर्य-विमर्श’ पर

मगर उससे पहले उनकी ट्रेन थी

इसलिए आयोजकों ने चाहा

कि वह ‘आलोचना के समाज-विमर्श’ पर

कुछ कहें

यों एक सत्र का शीर्षक

‘आलोचना का धर्म-विमर्श’ भी था

उन्होंने मुझसे कहा :

इस सत्र में बोलने को कहा जाता

तो ज़्यादा ठीक रहता

फिर कारण बताया :

हिंदी की सर्वश्रेष्ठ आलोचना

धर्म ही पर न लिखी गई है

बहरहाल, उन्होंने अपने सत्र

‘आलोचना का समाज-विमर्श’ में

जो कुछ कहा

उसका सारांश यह है :

पहले भी दो बार बुलाया था यहाँ

व्यवस्था अच्छी है

आभारी हूँ

इस बार भी

आभार

Pankaj Chaturvedi
About the poet

Pankaj Chaturvedi पंकज चतुर्वेदी

Pankaj Chaturvedi is a famous poet and critic of Hindi. He was born on August 24, 1971 in Etawah city of Uttar Pradesh state. Thus the ancestral village Tishti is in Kanpur-Dehat district of Uttar Pradesh. After receiving his primary education in the villages…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like