एक संपूर्णता के लिए

Pankaj Chaturvediपंकज चतुर्वेदी

1 min read · 12.6K reads

तुम्हारे देखने और न देख पाने के

समझने और न समझ पाने के

आने और आकर चले जाने के

बीच में ही रहना है हमें

अपने अनुभवों की ज़मीन से

बटोरे हुए साहस के बल पर

 

एक रोचक अजायबघर में क़ैद होकर

दिखते हुए हैं हम पागल चेहरे

अपनी अकारण हँसी

और बेतरतीब रुलाई के साथ

 

एक अनोखे संग्रहालय में

तब्दील होता हुआ है

हमारा अस्तित्व

अपनी समृद्ध परंपरा की गरिमा

और संशयग्रस्त प्रासंगिकता की शोभा के साथ

 

एक अदृश्य और घातक ढंग से

दीमकों को समर्पित होते हुए हैं

हमारे कविता-संसार

अपने जैसे-तैसे सपनों

और अकेली आस्थाओं के साथ

 

समाज के शरीर में

एपेन्डिक्स की तरह

अनावश्यक लगते हुए हैं हम

फिर भी न जाने क्यों

ज़रूरी-से हैं

एक संपूर्णता के लिए

वह अर्थ की हो या व्यर्थता की!

Pankaj Chaturvedi
About the poet

Pankaj Chaturvedi पंकज चतुर्वेदी

Pankaj Chaturvedi is a famous poet and critic of Hindi. He was born on August 24, 1971 in Etawah city of Uttar Pradesh state. Thus the ancestral village Tishti is in Kanpur-Dehat district of Uttar Pradesh. After receiving his primary education in the villages…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like