कोरोना काल में

Pankaj Chaturvediपंकज चतुर्वेदी

1 min read · 12.6K reads

कोरोना से उपजे संकट से

निपटने के लिए

राजस्व विभाग के अफ़सरों ने

रपट तैयार की :

ज़्यादा अमीर लोगों पर

टैक्स लगाया जाए

 

सरकार नाराज़ हुई

उसने बयान जारी किया :

'यह अफ़सरों का निजी विचार है'

 

पूछा :

आप लोगों ने किसके आदेश से

यह सुझाव दिया है?

 

प्रधान सचिव बोले :

गांधी जी ने कहा था

ऐसा निज़ाम हो

कि आख़िरी आदमी की आँख में

आँसू न रहे

 

मंत्री ने व्यंग्य किया :

आप भूल गए

कि वे भी सेवा कर रहे हैं

जो राष्ट्रीय गौरव के लिए

अपने को अमीर बना रहे हैं

 

हमारे नेता जी का विचार है :

अमीरों का बहुत योगदान है

लिहाज़ा आख़िरी आदमी भी

ख़ुशी-ख़ुशी

राष्ट्र के लिए बलिदान करे

Pankaj Chaturvedi
About the poet

Pankaj Chaturvedi पंकज चतुर्वेदी

Pankaj Chaturvedi is a famous poet and critic of Hindi. He was born on August 24, 1971 in Etawah city of Uttar Pradesh state. Thus the ancestral village Tishti is in Kanpur-Dehat district of Uttar Pradesh. After receiving his primary education in the villages…

View profile & all 17 Poems / Stories