आजकल मोबाइल में तैरता हुआ
संदेश आता है :
'आप सुरक्षित हैं
आस-पास कोई मरीज़ नहीं है'
यह कुछ ऐसे है
जैसे नज़दीक ही
कोई दुश्मन नहीं है
जो दुश्मन है दिखता नहीं
उसका शिकार दिखता है
लिहाज़ा वही दुश्मन है
उसे हमदर्दी की ज़रूरत हो
तो बहाना बनाकर
मुकर जाएँ
मदद की उम्मीद हो
तो हाथ खींच लें
जब पूरी मनुष्यता अरक्षित है
अलग-अलग सबको सुरक्षा का
यक़ीन दिलाया जा रहा है
जिससे वे मान लें
कि वे राज्य द्वारा रक्षित हैं
और बाक़ी सब पर
संदेह कर सकें
समाज से दूरी
जीवन का नया मंत्र है
किसी की मृत्यु हो जाए
तो शव के पास जाने में भी हिचकें
बाद में असमंजस में न पड़ें
इन मौतों के लिए
कोई ज़िम्मेदार नहीं है
न समाज न राज्य
दरअस्ल जो मर गए
ख़तरा उन्हीं से था








