ठीक उसी तरह मारा गया रोहित वेमुला - नित्यानंद गायेन

नित्यानंद गायेननित्यानंद गायेन20 Sept 1981

6 min read · 12.4K reads

हत्या की सारी तैयारी पहले से थी
भूख से कभी नहीं मरा किसान इस देश का
विश्वविद्यालय का छात्र भी नहीं मरा फाँसी लगाकर
जिस तरह पहले से तय षडयन्त्र के तहत
काट लिया गया था
एकलव्य का अँगूठा
ठीक उसी तरह मारा गया रोहित वेमुला
इस सीरिज में सबसे पहले निशाने पर था एकलव्य
द्रोणाचार्य ने किसके लिए माँग लिया था उसका अँगूठा !
कटा हुआ अँगूठा किसी काम का नहीं
माँगने वाले ने क्या किया उस अँगूठे से?
हाँ, अँगूठा देने वाले को बना दिया था अपंग
ताकि सुरक्षित रहें
हस्तिनापुर का भविष्य।
किसान ने जब भर दिया था अनाज के तमाम गोदामों को
फिर कैसे मर गया वह भूख से सपरिवार !
रथ के धँसने पर ही काट दी जाएगी
असहाय कर्ण की गर्दन
जानती थी सत्ता
हत्या अचानक नहीं होती किसी की
बहुत पहले से रची जाती हैं साज़िश
छान लीजिए इतिहास से तमाम हत्याओं की कहानी
आपको पता चलेगा
कि, यूँ ही नहीं हुआ था अचानक सब कुछ
आँखें बन्द कर लेने से
अन्धकार का भ्रम भर होता है
और चीख़ने से झूठ कभी सच नहीं हो जाता
आत्महत्या, केवल आत्महत्या नहीं
हत्या होती हैं।
— तुम्हारा कवि
नित्यानंद गायेन
About the poet

नित्यानंद गायेन

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like