ऐसा चेहरा मिरे भी ध्यान में था
जो ज़मीं में न आसमान में था
दिल तो ख़ाली पड़ा था सदियों से
एक साया मिरे मकान में था
मुझ में शामिल था वो लहू की तरह
आँख में दिल में और जान में था
नाम क्या था जो इतना शीरीं था
ज़ाइक़ा अब भी इस ज़बान में था
धुंद फैली हुई थी चारों तरफ़
शोर ही शोर इस जहान में था
वो जो रहता था साथ शाम-ओ-सहर
इस ज़माँ में न उस ज़मान में था
मेरी आँखों ने जो भी देखा था
शे'र में नज़्म में बयान में था
मैं भी अपनी अना में क़ैद रही
वो भी कुछ अपनी आन बान में था








