मेरे गाँव की सड़क - निकिता नैथानी

निकिता नैथानीनिकिता नैथानी

6 min read · 12.4K reads

एक वक़्त
जब नहीं थी मेरे गाँव में सड़क
मुश्किलों से भरा होता था रास्ता
और धार[1] के उस पार थे
बाज़ार, हस्पताल और सड़क ।

तब, मेरे गाँव के लोग
जुड़े थे एक दूसरे के सहयोग से
तब आसपास के गाँव जाने में
नहीं लगती थी थकान
बल्कि होता था उल्लास
अपने ही दूसरे परिवार से मिलने का ।

एक धात[2] पर एक साथ
खड़ा हो जाता था पहाड़
पहाड़ की मुश्किलें बाँटने के लिए ।

तब बच्चे जाते थे दूर स्कूल
बनाते हुए चार-पाँच गाँवों से रिश्ता
शरारतों से भरा सफ़र और
गुरजी का आदर …।

वो दूर का स्कूल करता था उनके भीतर
प्रकृति, समाज, ज्ञान, प्रेम और
पहाड़ का समन्वय ।

मगर जब उस दिन
आई मेरे गाँव में सड़क
तो साथ लाई शहर की गन्ध
एक ऐसी गन्ध
जिस पर मोहित होकर
एक-एक कर गाँव छोड़ गए
मेरे गाँव के लोग
कभी न लौटने के लिए ।

और जो बच गए
वो भी इसी उम्मीद में हैं कि
किसी दिन कोई आएगा और
वे भी चले जाएँगे
उसी सड़क से शहर की ओर …।

और इसके बाद
अब भी मौज़ूद है मेरा सड़क वाला गाँव
कुछ शहर वालों की याद में और
कुछ खण्डहरों में …।
निकिता नैथानी
About the poet

निकिता नैथानी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like