घेरा - नवीन सागर

नवीन सागरनवीन सागर29 Sept 1948 – 14 Sept 2000

4 min read · 12.4K reads

पहली वारदात
हज़ारों मील दूर कहीं होती है
और दूसरी पड़ोसी राज्‍य में
इसके बाद
पास के शहरों से ख़बरें आती हैं
एक दिन शहर में
फैलती है सनसनी
और तनाव के बाद हँसी डरी हुई
दिखती है अपनी खिड़की के पास।

फिर एक वारदात से
घण्‍टा भर पहले वहाँ थे हम
यह सुनाते हुए रोमांच होता है
फटा-फूटा हुआ.
कहीं से वारदात के बाद
गुज़रते हुए
खिड़कियों से झाँकते मुँह बाए
देखते हैं जगह
और लोगों की उदासी।

फिर एक दिन बहुत पास
हड़बड़ी में भागते हुए दिखते हैं
झपटती मृत्‍यु से
बहुत कम फासले पर।

हम सुनाते हैं हाँफते हुए
दरवाज़े बंद करते
बच्‍चे दीवारों में ज़ोर-ज़ोर से
रोते हैं अकस्‍मात्!
नवीन सागर
About the poet

नवीन सागर

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like