बन्द और मज़बूत - नवीन सागर

नवीन सागरनवीन सागर29 Sept 1948 – 14 Sept 2000

5 min read · 12.4K reads

आधी रात के वक़्त अपने शहर का रास्‍ता
पराए शहर में भूला

बड़ा भारी शहर और भारी सन्‍नाटा
कोई वहाँ परिचित नहीं
परिचित सिर्फ़ आसमान
जिसमें तारे नहीं ज़रा-सा चॉंद
परिचित सिर्फ़ पेड़
चिडियों की नींद में ऊँघते हुए
परिचित सिर्फ़ हवा
रुकी हुई दीवारों के बीच उदासीन

परिचित सिर्फ़ भिखारी
आसमान से गिरे हुए चीथड़ों से
जहाँ-तहाँ पड़े हुए
परिचित सिर्फ़ अस्‍पताल क़त्‍लगाह हमारे
परिचित सिर्फ़ स्‍टेशन
आती-जाती गाड़ियों के मेले में अकेला
छूटा हुआ रोशन

परिचित सिर्फ़ परछाइयाँ:
चीज़ों के अँधेरे का रंग
परिचित सिर्फ़ दरवाज़े बंद और मज़बूत।

इनमें से किसी से पूछता रास्‍ता
कि अकस्‍मात एक चीख़
बहुत परिचित जहाँ जिस तरफ़ से
उस तरफ़ को दिखा रास्‍ता

कि तभी
मज़बूत टायरों वाला ट्रक मिला
जो रास्‍ते पर था
ट्रक ड्राइवर गाता हुआ चला रहा था
मैं ऊँघता हुआ अपने शहर पहुँचा।
नवीन सागर
About the poet

नवीन सागर

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like