गिरिफ़्ता-दिल हैं बहुत - नासिर काज़मी

नासिर काज़मीनासिर काज़मी8 Sept 1925 – 2 Sept 1972

7 min read · 12.4K reads

गए दिनों का सुराग़ लेकर किधर से आया किधर गया वो
अजीब मानूस अजनबी था मुझे तो हैरान कर गया वो

ख़ुशी की रुत हो कि ग़म का मौसम नज़र उसे ढूँढती है हर दम
वो बू-ए-गुल था कि नग़मा-ए-जान मेरे तो दिल में उतर गया वो

वो मयकदे को जगानेवाला वो रात की नींद उड़ानेवाला
न जाने क्या उस के जी में आई कि शाम होते ही घर गया वो

कुछ अब संभलने लगी है जाँ भी बदल चला रंग-ए-आसमां भी
जो रात भारी थी टल गई है जो दिन कड़ा था गुज़र गया वो

शिकस्तपा राह में खड़ा हूँ गए दिनों को बुला रहा हूँ
जो क़ाफ़िला मेरा हमसफ़र था मिस्ल-ए-गर्द-ए-सफ़र गया वो

बस एक मंज़िल है बुलहवस की हज़ार रास्ते हैं अहल-ए-दिल के
ये ही तो है फ़र्क़ मुझ में उस में गुज़र गया मैं ठहर गया वो

वो जिस के शाने पे हाथ रख कर सफ़र किया तूने मंज़िलों का
तेरी गली से न जाने क्यूँ आज सर झुकाये गुज़र गया वो

वो हिज्र की रात का सितारा वो हमनफ़स हमसुख़न हमारा
सदा रहे उस का नाम प्यारा सुना है कल रात मर गया वो

बस एक मोती सी छब दिखाकर बस एक मीठी सी धुन सुना कर
सितारा-ए-शाम बन के आया बरंग-ए-ख़याल-ए-सहर गया वो

न अब वो यादों का चढ़ता दरिया न फ़ुर्सतों की उदास बरखा
यूँ ही ज़रा सी कसक है दिल में जो ज़ख़्म गहरा था भर गया वो

वो रात का बेनवा मुसाफ़िर वो तेरा शायर वो तेरा नासिर
तेरी गली तक तो हम ने देखा फिर न जाने किधर गया वो
नासिर काज़मी
About the poet

नासिर काज़मी

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like