भोपाल : कुछ लैंडस्केप्स

हेमंत देवलेकरहेमंत देवलेकर

1 min read · 12.4K reads

सुंदरता वह प्रतिभा है

जिसे रियाज़ की ज़रूरत नहीं

भोपाल ऐसी ही प्रतिभा से संपन्न और सिद्ध

यह शहर कविताएँ लिखने के लिए पैदा हुआ

आप इसे पचमढ़ी का लाड़ला बेटा कह सकते हैं

पहाड़ यहाँ के आदिम नागरिक

झीलों ने आकर उनकी गृहस्थियाँ बसाई हैं।

इस शहर में पानी की खदानें हैं

जिनमें तैर रहा है मछलियों का अक्षय खनिज भंडार।

इस शहर में जितनी मीनारें हैं,

उतने ही मंदिर भी,

लेकिन बाग़ीचों की तादाद उन दोनों से ज़्यादा।

रात भर चलते मुशायरों और क़व्वालियों के जलसों में

चाँद की तरह जागते इस शहर की नवाबी यादें

गुंबदों के उखड़ते पलस्तरों में से आज भी झाँकती हैं।

इस शहर का सबसे ख़ूबसूरत वक़्त

शाम को झीलों के किनारे उतरता है

और यह शहर अपनी कमर के पट्टे ढीले कर

पहाड़ से पीठ टिका

अपने पाँव पानी में बहा देता है

और झील में दीये तैरने लगते हैं।

इसका पुरानापन हफ़्ते के वारों में सिमटा

साल के महीनों की तरह बारह नंबरों तक

इसका नयापन विस्तारित

रासायनिक त्रासदी का ज़ख़्म है ये शहर

इसने अपने गहरे शोक में ब्रश भिगोए

और रंग फैलाए

इसने जीवन की निरंतरता को सबसे बड़ी कला माना

यह थोड़ा आंदोलनों और हड़तालों में बीतता हुआ

और थोड़ा मुआवज़ों के चक्कर में उलझा हुआ

यहाँ राजपथों और पगडंडियों के अपने-अपने अरण्य हैं

यह शहर लाल चट्टानों की असीम खदान है

बेशक़ीमती खनिजों-सी लाल चट्टानों की

खुदाई शुरू हो चुकी है

इस शहर की जड़ों पर हमले की

यह शुरुआत है

किसी भी शहर का दुर्भाग्य है महानगर होना

यह अब उसी कगार पर है

पहाड़ियाँ सिमट रही हैं, धीरे-धीरे

झीलें पानी में अपने विधवा होने

प्रतिबिंब देख डरती हैं

यह शहर ऐसी चिंताओं वाली कविताएँ

रोज़ लिख रहा है,

और

फाड़ रहा है...

हेमंत देवलेकर
About the poet

हेमंत देवलेकर

इस सदी में सामने आए हिंदी कवि। रंगमंच से भी संबद्ध।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like