सलीब से जो टपकता है बे-गुनाह लहू
वो बूँद बूँद का अपनी
हिसाब लेता है
ज़मीन-ए-जब्र की अफ़्वाज-ए-फ़ील वाक़िफ़ हैं
फ़ज़ा में ऐसे परिंदों का
एक ग़ोल भी है
जो कंकरी से चटानों को तोड़ देता है
जब अपनी हद से गुज़रते हैं
अबरही सैलाब
ये संग-रेज़ो से
रुख़ उन के मोड़ देता है
सो जब ये साज़िशी सय्याद ताएरों के लिए
फ़ज़ा में हर तरफ़ इक जाल तान बैठे हों
तो हादसात
कोई एहतिमाम करते हैं
कहीं से मौत के कंकर
उछालता है कोई
उसी के दाम उसे
ज़ेर-ए-दाम करते हैं
बस और कुछ नहीं
इन हादसात की तफ़्सील
ये हादसात
तो हुज्जत तमाम करते हैं








