शजर की शाख़ से झूला उतर भी सकता है
तिरे बग़ैर ये सावन गुज़र भी सकता है
समेट रक्खा है अपना वजूद ख़ुद मैं ने
ये आइना जो गिरा तो बिखर भी सकता है
कभी कभी हमें मिलने का इज़्न दे कर वो
हमारी ज़ात पे एहसान कर भी सकता है
तमाशा यूँ न दिखा अपनी बे-नियाज़ी का
हमारे सब्र का पैमाना भर भी सकता है
वो जिस को दावा है तूफ़ाँ का रुख़ बदल देगा
कभी कभी किसी आँधी से डर भी सकता है
कहा था उस ने कि मिलने ज़रूर आएगा
मगर वो वा'दे से अपने मुकर भी सकता है
बड़े सलीक़े से सब को सँभाल रक्खा है
ज़रा सी चूक से कुम्बा बिखर भी सकता है
दुआएँ माँगती रहती हूँ रोज़-ओ-शब रब से
अगर वो चाहे मुक़द्दर सँवर भी सकता है








