सब के ग़मों में थोड़ी थोड़ी मैं ने हिस्से-दारी की
ख़ुशियों की उम्मीद न रक्खी दर्द से रिश्ता-दारी की
दुनिया वालों की आदत है ये तो दिखावा करते हैं
मैं ने सब को अपना समझा दुनिया ने मक्कारी की
सब मसरूफ़ थे कोई न आया हाल मिरा सुनने के लिए
शहर में यूँ तो फैल गई थी ख़बर मिरी बीमारी की
ज़ालिम रात बहुत भारी थी आँखों पर क्या क्या गुज़री
सुब्ह की आहट सुन कर शब ने चलने की तय्यारी की
आँधी ने वो ज़ुल्म है ढाया शाख़ जो टूटी बिखरे फूल
टूटे पत्ते देख ख़िज़ाँ ने अपनी राय-शुमारी की
इस के बच्चे उस की ख़िदमत में दिन रात लगे हैं आज
जिस ने बुज़ुर्गों की ख़िदमत की जिस ने ताबेदारी की
तारीकी में डूब गया था चाँद का रौशन चेहरा जब
सारी रात चराग़ों ने घुट घुट कर आह-ओ-ज़ारी की
अपने सवालों से घबरा कर सब ख़ुद ही रो देते थे
चाहने वालों ने आँखों में शब भर शब-बेदारी की
उस ज़ालिम ने हाल न पूछा जिस से थी उम्मीद बहुत
सब ने यूँ तो रस्म निभाई सब ने दुनिया-दारी की
ये शायद अपनी क़िस्मत है इस से शिकायत क्या करना
जिस को हम ने दिल से चाहा उस ने दिल-आज़ारी की








