बहुत से लोग कहते हैं
कि रिश्ते गर ज़रूरत से जुड़े हों तो
वो अक्सर टूट जाते हैं
ज़रूरत पूरी होने पर ज़रूरत-मंद इक दूजे से अक्सर रूठ जाते हैं
मगर ये भी हक़ीक़त है
कि ये दुनिया ज़रूरत है
यहाँ पर साँस लेना बात करना
साथ चलना और धड़कना
हँसते हँसते एक दम ख़ामोश होना
और फिर चुपके से रोना
याद रखना भूल जाना
भूल जाने पर किसी को याद कर के मुस्कुराना सब ज़रूरी है
किसी का नाम लिख कर डायरी को ख़ुद छुपाना
गीत लिखना गुनगुनाना
ख़्वाब तकना राह तकना
और फिर इक दिन किसी की राह में चुपके से मरना सब ज़रूरी है
यहाँ सब कुछ ज़रूरत है
यहाँ सब कुछ ज़रूरी है
सो तुम मानो न मानो
बस मुझे तो अच्छा लगता था
वो जब भी मुझ से कहता था
मुझे तेरी ज़रूरत है
मुझे तेरी ज़रूरत है
मोहब्बत इक ज़रूरत है
यही तो इक इबादत है
रियाज़त ही रियाज़त है








