इस तरह इश्क़ का आज़ार न जी को होगा
जो मुझे दुख है वो शायद न किसी को होगा
मस्तियाँ बढ़ के मिरी ख़ुद ही बलाएँ लेंगी
औज हासिल वो मिरी बादा-कशी को होगा
मैं मोहब्बत के मसाइल को समझ सकता हूँ
सामने मेरे ये दा'वा न किसी को होगा
इश्क़ का गर्द-ए-कसाफ़त से तअ'ल्लुक़ क्या है
जिस का दिल पाक है ये रोग उसी को होगा
मिरे अशआ'र में क्या क्या हैं 'मुनव्वर' नुक्ते
इस का अंदाज़ा किसी मर्द-ए-वली को होगा








