नासेहो दिल किस कने है किस को समझाते हो तुम

मीर सोज़मीर सोज़

1 min read · 12.4K reads

नासेहो दिल किस कने है किस को समझाते हो तुम

क्यूँ दिवाने हो गए हो जान क्यूँ खाते हो तुम

मुझ से कहते हो कि मैं हरगिज़ नहीं पीता शराब

मैं तुम्हारा दोस्त या दुश्मन कि शरमाते हो तुम

और जो बैठे रहें तो उन से तुम महज़ूज़ हो

जब हमीं आते हैं तो घबरा के उठ जाते हो तुम

लो जी अब आराम से बैठे रहो जाते हैं हम

फिर न आवेंगे कभी काहे को झुँझलाते हो तुम

रात को तुम जिस जगह थे हम को सब मालूम है

झूट क्यूँ बकते हो काहे को क़सम खाते हो तुम

मुँह बना मेरी तरफ़ आईने का बोसा लिया

वाह वा अच्छी तरह से रोज़ डहकाते हो तुम

एक तो मैं आप हूँ बे-ज़ार अपनी जान से

दूसरे बक बक के मेरे जी को घबराते हो तुम

ऐ कबूतर ऐ सबा ऐ नाला ऐ फ़रियाद आज

कहियो दिलबर से अगर कूचे तलक जाते हो तुम

'सोज़' का दिल ख़ुश तो हो जाता है वादों से मियाँ

पर ग़ज़ब ये है कि वक़्त ही पर मुकर जाते हो तुम

मीर सोज़
About the poet

मीर सोज़

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like