छुटकी - मणि मोहन

मणि मोहनमणि मोहन2 Sept 1967

3 min read · 12.4K reads

आठ साल की छुटकी
अपने से दस साल बड़े
अपने भाई के साथ
बराबरी से झगड़ रही है

छीना-झपटी
खींचा-खांची
नोचा-नाचीं
यहाँ तक की मारा-पीटी भी

उसकी माँ नाराज है
इस नकचढ़ी छुटकी से
बराबरी से जो लडती है
अपने भाई के साथ

वह मुझसे भी नाराज़ है
सर चढ़ा रखा है मैंने उसे
मैं ही बना रहा हूँ उसे लड़ाकू

शायद समझती नहीं
कि ज़िन्दगी के घने बीहड़ से होकर
गुज़रना है उसे

इस वक़्त
खेल-खेल में जो सीख लेगी
थोड़ा-बहुत लड़ना-भिड़ना
ज़िन्दगी भर उसके काम आएगा ।
मणि मोहन
About the poet

मणि मोहन

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like