दो मिनट का मौन - मणि मोहन

मणि मोहनमणि मोहन2 Sept 1967

3 min read · 12.4K reads

यदि कोई पूछे मुझसे
ज़िन्दगी के सबसे मुश्किल काम के बारे में
तो मैं कहूँगा
किसी शोकसभा में शामिल होकर
दो मिनट का मौन रखना
मेरे लिए सबसे कठिन काम है ...

यूँ मैं घण्टों मौन रह सकता हूँ
कभी किसी को सुनते हुए
तो कभी अपने आस-पास के
जाने अनजाने संगीत को सुनते हुए
मौन रह सकता हूँ मैं
सिर्फ दिल की धड़कनों को सुनते हुए भी

पर ...यह... दो मिनट का मौन
बहुत भारी पड़ता है मुझ पर
आँखें बन्द करने के कुछ सेकेण्ड बाद ही
लगता है जैसे
भरभरा कर गिर जाऊंगा धरती पर
सच कहूँ .....
मुझसे नहीं हो पाती प्रार्थना
इस तरह ।
मणि मोहन
About the poet

मणि मोहन

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like