तिलिस्मी शब में जब ख़्वाबों के पैकर टूट जाते हैं
कई मासूम अफ़्साने अधूरे छूट जाते हैं
ग़म-ए-दौराँ ने मुझ से तेरी यादें ऐसी छीनी हैं
कि जैसे भीड़ में माओं से बच्चे छूट जाते हैं
हवादिस की फ़ज़ा में अज़्म मेरा साथ दे कब तक
तनावर पेड़ भी आँधी में अक्सर टूट जाते हैं
किताब-ए-ज़िंदगी का हर वरक़ इस तरह बिखरा है
ख़िज़ाँ में जिस तरह शाख़ों से पत्ते टूट जाते हैं
किसी ना-मेहरबाँ की याद है यूँ सफ़हा-ए-दिल पर
कि जैसे नक़्श-ए-पा गीली ज़मीं पर छूट जाते हैं
'नसीम' इस तरह कुछ बिखरी हैं अब रिश्तों की ज़ंजीरें
कि जैसे नन्हे बच्चों से खिलौने टूट जाते हैं








