नज़र में यादों के मंज़र समेट कर रखना
मैं जैसा छोड़ के आई हूँ वैसा घर रखना
उदास आँखों से हों ज़िंदगी की बरसातें
तुम अपने लहजे में ऐसा भी इक हुनर रखना
न टूट जाएँ कहीं हौसले उड़ानों के
क़फ़स से दूर परिंदों के बाल-ओ-पर रखना
तुम्हें मिला है खुला आसमान फैली ज़मीं
ये है बुज़ुर्गों का विर्सा सँभाल कर रखना
ज़मीं का क़र्ज़ उतारो तो अपने काँधों से
फिर उस के बाद क़दम मेहर-ओ-माह पर रखना
रही है झूट की कोशिश हर इक ज़माने में
सजा के नेज़ों पे सच्चाइयों के सर रखना
सवाल पूछेगी दुनिया क़दम क़दम पे 'नसीम'
नज़र को गर्दिश-ए-दौराँ से बा-ख़बर रखना








