ख़ुशबुओं के लिए इक जाल बिछा कर देखो
काग़ज़ी फूलों से गुल-दान सजा कर देखो
मसअला तर्क-ए-तअ'ल्लुक़ से न हल होगा कभी
और याद आएँगे हम हम को भुला कर देखो
सिसकियाँ भरती मिलेगी मिरे घर की दहलीज़
गीत बाबुल के मिरे गाँव में गा कर देखो
ताजवर कितने ही क़दमों पे झुकेंगे आ कर
ताज काँटों का ज़रा सर पे सजा कर देखो
इम्तिहाँ अपनी वफ़ा का तुम्हें देना है 'नसीम'
तुम भी ये शम्अ' हवाओं में जला कर देखो








