दिए की लौ थरथरा रही है
ये शाम-ए-ग़म है कि आफ़तों की सहर हुई है
फ़सील-ए-शब पर उदास जुगनू
किसी मुसाफ़िर की राह तक कर
लुटा चुका है तमाम रौशन बहार अपनी
परिंदे उड़ने को मुज़्तरिब हैं
मवेशी-ख़ानों में फिर मची है अजीब हलचल
जो बच्चे माओं की छातियों से
लिपट के सोए थे जाग उठे हैं
वही तड़प भूक की वो शिद्दत
अज़ान सेहन-ए-चमन में देता है मुर्ग़ ऐसे
किसी को जैसे कोई फ़साना सुना रहा है
उठो अंधेरा बहुत है लेकिन
चराग़ ले कर तलाश करना है तुम को सूरज
दिए की लौ थरथरा रही है








