दो बाँस के लट्ठे तन गए हैं
आसमान के गर्वीले मस्तक को भेदने के लिए
खपरैल ने ईंटों की दीवारों और छत के विरुद्ध
घृणा से अपनी भृकुटी चढ़ा ली है
सड़क के किनारे
बाँस और खपरैल की बनी
उस तंबूनुमा झोपड़ी में रहता है
ईंटें ढोने वाला एक श्रमिक
दिन भर सूरज से लड़ने के बाद
सड़क किनारे लगे खंभे के बल्ब की रोशनी में
वह पका रहा है खाना
रोज़ ही जलता है उसके घर दीया
पर आज दीवाली है
उसने रख दिया है एक दीया तंबू के बाहर भी
गाड़ियों की हेडलाइट्स, धुएँ और शोर के बीच लड़ता हुआ
वह दिलेर दीया
सड़कों की हेलोज़न रोशनी के बीच शान से टिमटिमाता हुआ
अपनी श्रम से उपजी ग़रीबी पर गर्वोन्मत्त
अपनी मर चुकी इच्छाओं की आत्माओं से जूझता हुआ
अपनी सहनशील झोपड़ी के हृदय में धड़कता हुआ
वह धीमी आँच वाला श्रमिक-सा दीया जल रहा है...
भीतर झोपड़ी में
वह मज़दूर अपनी थकान के ऐश्वर्य में सो गया है।








