आदतें

लीना मल्होत्रा रावलीना मल्होत्रा राव3 Oct 1968

1 min read · 12.4K reads

आदतन

पुरुष जब गुट बनाकर खोलते हैं पत्ते

स्त्रियाँ धूप में फैला देती हैं पापड़, बड़ियाँ और अपनी सर्द हड्डियाँ

मंगल गीत गाते हुए

जमा कर लेती हैं धूप

अँधेरे में गुम आत्माओं के लिए

बुन लेती हैं स्वेटर

धुन लेती हैं रज़ाइयाँ

ठिठुरती संवेदनाओं के लिए

मर्द जब तनाव भगाने को सुलगाता है बीड़ी

भरता है चिलम

औरतें बन जाती हैं खेल के मैदान की गोदी

बच्चे धमाचौकड़ी लगा चुकते हैं जब

पुचकार कर उन्हें

करवा देती हैं होमवर्क

सँवार देती हैं बाल

चोटियाँ गूँथ देती हैं

आदमी ऊँघते हैं जब थककर

स्त्रियाँ सम्हाल लेती हैं उनकी दुकानें

पुरुषों ने फेंकने को निकाला थीं जो नकारा चीज़ें

बेच देती हैं वे उन अपने जैसी लगने वाली आत्मीय चीज़ों को

कुशलता से समझा देती हैं उनकी उपयोगिता ग्राहकों को

आदमी के घर लौटने से पहले

बुहारकर चमका देती हैं पृथ्वी

फूँक मारकर उड़ा देती हैं धूल दूर अंतरिक्ष में

ठिकाने लगा देती हैं बेतरतीबी से बिखरी चीज़ें

अँधेरों को कर देती हैं कोठरियों में बंद

परोस देती हैं गर्म खाना

थका-माँदा पुरुष पटियाला की ख़ुमारी में सो जाता है जब

बचे-खुचे समय में सुलगते सपनों को भर देती हैं इस्त्री में

और पुरुषों की ज़िंदगी में बिछी सलवटों को

मुलायम चमकदार बना देती हैं

सोते-सोते

सुबह के लिए सपनों में सब्ज़ी काटती रहती हैं जब उनकी उँगलियाँ

आँखें जुदा होकर देह से

समानांतर जीवन जी आती हैं

पृथ्वी जैसे लगने वाले किसी और ग्रह पर।

लीना मल्होत्रा राव
About the poet

लीना मल्होत्रा राव

सुपरिचित कवयित्री। स्त्रीवादी संवेदना-सरोकारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : लीना मल्होत्रा राव जन्म : 03/10/1968 | गुरुग्राम, हरियाणा कविताओं के सोशल मीडिया दौर में पहले-पहल सामने आईं सुपरिचित कवयित्री लीना मल्होत्रा राव का जन्म 3 अक्टूबर 1968 को गुड़गाँव, हरिय…

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like