रास्ता पार करती लड़की

लीना मल्होत्रा रावलीना मल्होत्रा राव3 Oct 1968

1 min read · 12.4K reads

वह रास्ता पार करती लड़की

ठिठक कर रुक गई है अचानक

उसके उठे हुए क़दम पर

ठिठक गई है ट्रैफ़िक की पीली नदी

थम गई है एक धोखेबाज़ सभ्यता

स्तब्ध दृष्टियों की साँस रुक गई है

उसकी दुविधा उँगलियों के नाख़ूनों के सिरों पर रखी है

उसने कुतर कर फेंक दी है बॉस की डाँट,

छूटती नौकरी का दाँतों से पकड़ा कोई सिरा

धोखे की उजड़ी हुई बस्ती

माथे पर पड़ी लकीर को खोल टपका दिया है

विवाहित पुरुष से प्रेम का विषैला दंश

शक्की पति के ख़िलाफ़ तनी हुई लाचारी

भींचे हुए मुक्के के खदेड़े हुए आक्रोश को

दमघोंटू धुएँ के हवाले कर अचानक निश्चिंत हो गई है वह

ठीक सड़क के बीचोबीच

उसकी ठिठकन ने कपड़े बदल लिए हैं अपनी संपूर्ण गरिमा के साथ

खींचकर दे मारी है अपनी बेफ़िक्री उसने समूचे काल के मुँह पर

और हुजूम की निगाहों की बाढ़ को चीरते हुए

कई लोगों की उच्छवासों और थकानों को अपने साथ बहाकर ले गई है वह लड़की

पार कर गई है सड़क।

लीना मल्होत्रा राव
About the poet

लीना मल्होत्रा राव

सुपरिचित कवयित्री। स्त्रीवादी संवेदना-सरोकारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : लीना मल्होत्रा राव जन्म : 03/10/1968 | गुरुग्राम, हरियाणा कविताओं के सोशल मीडिया दौर में पहले-पहल सामने आईं सुपरिचित कवयित्री लीना मल्होत्रा राव का जन्म 3 अक्टूबर 1968 को गुड़गाँव, हरिय…

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like