ख़याल ख़याल नहीं जिसे डेढ़ घंटे खींचा जा सके
यादृच्छ उगता है यादृच्छ अस्त होता है
जैसे खिड़की के सामने
बाईं ओर से आता है कोई
बा-याँ दा-ईं ओर ग़ायब हो जाता है
ख़याल खिड़की पर खड़ा होता है
कभी खिड़की बंद होती है
खिड़की पर खड़े व्यक्ति को कहीं से बुलावा आता है
व्यक्ति था या ख़याल
जो खिड़की पर था
यादृच्छ उगता है यादृच्छ अस्त होता है
ख़याल ख़याल नहीं
जिसे डेढ़ घंटे गाया जा सके
सालों पुराना ख़याल भी ताज़ा होता है
इसलिए रोता है कोई आख़िरी पल तक
एक ही ख़याल को गाता हुआ।








