जिंदगी यदि पहाड़ है - कुमार विजय गुप्त

कुमार विजय गुप्तकुमार विजय गुप्त21 Sept 1966

6 min read · 12.4K reads

जिंदगी यदि पहाड़ है
तो पहाड़ में उॅंचा मस्तक भी होगा
हौसलाभरा सीना भी होगा
श्रृंखला भी होगी लहराते हाथों की

जिंदगी यदि पहाड़
तो फूटता होगा कोई श्रमशील सोता
उतरती होगी कोई स्वच्छ नदी
झरता होगा कोई निष्छल झरना
लेटी होगी कोई शांतचित्त घाटी
और घाटी में चमकती होगी
ऑंख जैसी कोई झील

जिंदगी यदि पहाड़ है
तो झुका हुआ होगा कोई आकाश
पहाड़ को घेरकर बतियाते होंगे
ग्रह... नक्षत्र...चॉंद.... तारे

जिंदगी यदि पहाड़ है
तो किरणें पहुँचती होंगी वहीं पहले
मौसम उतरता होगा वहीं पहले
बादल बरसाता होगा वहीं पहले
हवा भी वहीं गुनगुनाती होगी ऋचाएं

जिंदगी यदि पहाड़ है
तो कोई आबाद जंगल भी होगा
पेड़-पौधों की हरीतिमा भी होगी
दुर्लभ पशु-पंछी भी होंगे
वहीं चर रही होंगी भेंड़-बकरियॉं
सहृदय चरवाहे भी होगें
निष्कलुष जनजातियॉं भी होंगी
वहीं संरक्षित होगी
छल-प्रपंच रहित कोई संस्कृति

जिंदगी यदि पहाड़ है
तो वह टूटता भी होगा
तो वहॉं पत्थर भी होंगे
और पत्थरों में छुपी होगी चिंगारियाँ

जिंदगी यदि वाकई पहाड़ हो
और काटे नहीं कट रहीं हो
तो उसके सबसे उॅंचे शिखर पर
स्थापित कर लीजिये आस्था-भरा कोई मंदिर
फिर देखते रहिये
दुर्गम नहीं रह जायेगा वह पहाड़
कुमार विजय गुप्त
About the poet

कुमार विजय गुप्त

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like