घोड़े दौड़ रहे - कुमार विजय गुप्त

कुमार विजय गुप्तकुमार विजय गुप्त21 Sept 1966

4 min read · 12.4K reads

दौड़ाये राजे रजवाड़ों ने
दौड़ाये सामन्तों सुल्तानों ने
दौड़ाये साहुकारों जमींदारों ने
और अभी भी दौड़ाये जा रहे घोड़े

हरेक ऋतुओं में दौड़ रहे घोड़े
हरेक दिशाओं में दौड़ रहे घोड़े
कि उनके थूथनों पे लगा है जिंदा लहू
उनके खुरों में फंसी मासूम चीखें

रौंद रहे खेत-खलिहान
उजाड़ रहे बाग-बगीचे
झुग्गी झोपड़ियों तक को नहीं बख्श रहे
बेलगाम दौड़ रहे घोड़े

आकाश में देवतागण
छतों पे बुद्धिजीवीवृन्द
नाले के किनारे भीड़ भेंड़ दीन-हीन
हाथभर की दूरी से गुजर रहे घोड़े

सर्द और निस्तब्ध रात
नालों टापों के उन्माद का सही वक्त
घोड़ों ने झोंक दी है सारी शक्ति

इधर घोडे़ दौड़ रहे
उधर खुश हैं घुड़सवार
कि जहॉं तक दौड़ जायेंगे घोड़े
वे सारे होंगे उनके अपने
गोया यह घरती, धरती नहीं
उनका रेस ग्राउंड हो !
कुमार विजय गुप्त
About the poet

कुमार विजय गुप्त

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like