पा पा पा...

खेमकरण ‘सोमन’खेमकरण ‘सोमन’2 Jun 1984

1 min read · 12.4K reads

बच्चे के मुँह से

जब ‘पा’ निकला पहली बार—

यह महीनों के अभ्यास का परिणाम था

सुनकर खिल उठा पूरा घर

हो गए सभी शीघ्र ही एकत्रित एक जगह

बुआ ने गोद में लेकर बच्चे से कहा—

माई बेबी बोलो—‘पा’ ‘पा’ ‘पा’

दादा-दादी भी थे अति उत्साहित—

कुछ पड़ोसी भी आ गए बधाई देने

यहाँ से दूर कहीं

कोई दूसरा बच्चा भी कह रहा था—‘पा’

उस समय घर में थी केवल माँ

माँ भागी सूखती हुई नदी की ओर

कई कोस

उधर पहला बच्चा कामयाब रहा बोलने में

‘पा’ ‘पा’ ‘पा’

फिर ‘पा’, ‘पा’ ‘पा’

इधर दूसरा बच्चा

‘पा’ के बाद ‘नी’ बोलकर भी

कामयाब न हुआ अपने प्राण बचाने में।

खेमकरण ‘सोमन’
About the poet

खेमकरण ‘सोमन’

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। 'नई दिल्ली दो सौ बत्तीस किलोमीटर' चर्चित कविता-संग्रह। मूल नाम : खेमकरण ‘सोमन’ जन्म : 02/06/1984 | नैनीताल, उत्तराखंड

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like