मेरा विश्वास
अब विश्वास त्याग चुका है
मेरे व्यवहार की धुनें अब कर्णप्रिय नहीं रहीं
सहयोग,
असहयोग में बदल गया है
भावनाएँ भी दुर्भावनाओं में
शाम का सूरज बन-ढलकर अब मैं
निस्तेज हो गया हूँ
मेरी हँसी-मुस्कान
क्रोध में परिवर्तित हो गई हैं
जीवन के उद्देश्य भी
कर चुके हैं आत्महत्याएँ
मैं नहीं मिलता किसी से
बस घर में बंद रहते हुए
देता हूँ गाँव-समाज देश को ख़ूब गालियाँ
कोई स्वप्न भी नहीं है—
अब मेरी आँखों में
ऐसी कोई भी ख़बर कभी
पहुँचे तुम तक
और तुम अलग जाओ मुझसे
इससे पहले ही पहुँच जाना चाहता हूँ
मैं तुम तक।








