इतना भी क्या पढ़ना

खेमकरण ‘सोमन’खेमकरण ‘सोमन’2 Jun 1984

1 min read · 12.4K reads

इतना भी क्या लौटना कि

घर तो लौटे पर लौट ही न पाए

अपनी जड़ों की ओर सहर्ष

इतना भी क्या खाना खाना कि

कोई भूखा ही रह जाए

और आत्मा

अपनी ही बंजर भूमि पर

बेशर्मी से नाचती-फिरती करती रहे तांडव

इतना भी क्या देखना

क्या सुनना और बोलना

कि न रह जाए उनका कोई मूल्य

इतना भी क्या हँसना कि

अपमान लगे किसी को

और छोड़ दे वह महफ़िल या रच दे

उसी समय अपनी आत्महत्या का गीत

इतना भी क्या हूँ-हाँ करना कि

सामने बैठे हुए या फोन पर लगे—

यह आदमी है या

मात्र हूँ-हाँ का पुतला

इतना भी क्या पढ़ना कि

जिस पिता ने बेच दिए खेत

पढ़ाई के लिए माँ ने

मोह भी न रखा अपने आभूषणों का

उन्हीं को भेज दिया अंत में

दूर कहीं वृद्धाश्रम!

इतना भी क्या?

खेमकरण ‘सोमन’
About the poet

खेमकरण ‘सोमन’

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। 'नई दिल्ली दो सौ बत्तीस किलोमीटर' चर्चित कविता-संग्रह। मूल नाम : खेमकरण ‘सोमन’ जन्म : 02/06/1984 | नैनीताल, उत्तराखंड

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like