उस को तन्हा जिस घड़ी पाते हैं हम
मुज़्तरिब हो कर पलट जाते हैं हम
याद कर के तेरे लब ग़ुंचा-दहन
ज़िंदगी से तंग आ जाते हैं हम
बे-सबब बैठे-बिठाए अपना दिल
दे के उस दिलबर को पछताते हैं हम
मना करने पर भी दिल को दे दिया
दिल के देने की सज़ा पाते हैं हम
देख कर ग़ैरों को उस के इर्द-गिर्द
ख़ुद-बख़ुद महफ़िल से टल जाते हैं हम
कहते हैं मक़्तल में मुझ से हो के शाद
रक़्स-ए-बिस्मिल आज दिखलाते हैं हम
'ख़ंजर'-ए-अबरू को तेरी देख कर
ऐ सितमगर क़त्ल हो जाते हैं हम








